: सरदारपुर में कांग्रेस की ओर से प्रताप ग्रेवाल की उम्मीदवारी लगभग तय, भाजपा से मेडा,भुरिया,गामड,बघेल दौड़ मेंसंघ के फीडबैक और सर्वेक्षण के आधार पर भाजपा करेगी चयन ,5 सितंबर के पहले जारी हो सकती है भाजपा की दूसरी सूची
Admin
Thu, Aug 31, 2023
आरिफ शेख
सरदारपुर । विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा द्वारा 39 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करने के साथ ही विधानसभा चुनाव का काउनडाउन शुरू हो चुका है। विधानसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता अक्टूबर के प्रथम सप्ताह मे लगने की संभावना व्यक्त की जा रही है। लेकिन इसके पहले ही भाजपा एवं कांग्रेस के द्वारा अधिकांश सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया जायेगा। भाजपा की सूची जहां इस बार सीधे दिल्ली से जारी की जा रही है, इस कारण विरोध के स्वर अधिक सुनाई नहीं दे रहे हैं। भाजपा की पहली सूची में जहा जिले की धरमपुरी सीट से कालुसिंह ठाकुर एंव कुक्षी से जयदीप पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है। वही संभावना है की 3 सितबंर तक भाजपा की दूसरी सूची जारी होकर धार एंव बदनावर को छोड़कर बाकी सीटों पर भी प्रत्याशियों के नामो का ऐलान कर दिया जायेगा।
वैसे तो सरदारपुर विधानसभा सीट पर हाल फिलहाल कांग्रेस मजबूत दिखाई दे रही है। लेकिन इस बार भाजपा सरदारपुर सीट पर पुनः अपना कब्जा करने के लिये हर कारगार रणनीति पर काम कर रही है। इसके लिये मजबूत प्रत्याशी उतारने के साथ ही कार्यकर्ताओं मे एकजुटता कायम कर बूथ स्तर तक मजबूत संगठन को लेकर कार्य किया जा रहा है। साथ ही रूठे हुए असंतुष्ठ कार्यकर्ताओं को मनाने के साथ पार्टी से निष्कासित किये गये कार्यकर्ताओं का निष्कासन भी समाप्त किया जा सकता है।
सरदारपुर विधानसभा सीट पर भाजपा से दावेदारों की बात करें तो अभी आधा दर्जन दावेदार सक्रियता के साथ मैदान मे अपनी उम्मीदवारी को मजबूत करने के लिए सक्रियता के साथ जुटे हुए है। पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया,संजय बघेल,सेवानिवृत एसडीओपी रामसिंह मेडा,राकेश पटेल,सुनील गामड़ और धर्मेंद्र मंडलोई दावेदारी मे अभी मजबूत दिखाई दे रहे हैं। सूत्रों की मानें तो वेलसिंह भूरिया की दावेदारी मजबूत है लेकिन पार्टी संगठन के सर्वे में रामसिंह मेडा और सुनील गामड़ भी मजबूत दावेदार के तौर पर उभरे है। रामसिंह मेडा का सरल और मिलनसार स्वभाव तथा सक्रियता दावेदारी को मजबूत कर रही है। वहीं युवा सुनील गामड़ द्वारा निकाली गई कावड़ यात्रा मे उमड़ा जन सैलाब के कारण वे भी दावेदारों की फेहरिस्त में टाप 4 में आ चुके हैं। संजय बघेल की बात करे तो बूथ स्तर तक सक्रियता के साथ लाडली बहना के प्रचार प्रसार को लेकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार मैदानी स्तर तक कर संगठन की नजरों में अपने नंबर बढ़ा लिए हैं।
सूत्रों की मानें तो 3 से 5 सितबंर के बीच भाजपा की दूसरी सूची जारी हो सकती है, जिसमे सरदारपुर सीट पर भी उम्मीदवारी तय कर दी जायेगी। भाजपा से जुड़े सूत्रों की मानें तो वेलसिंह भूरिया,रामसिंह मेडा,सुनिल गामड , राकेश पटेल और संजय बघेल मे से किसी एक को पार्टी चुनावी मैदान मे उतार सकती है। भाजपा के चयन में संघ के फीडबैक की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। पार्टी के सर्वे और संघ की रिपोर्ट में जिस उम्मीदवार का पलड़ा भारी रहेगा, उसी को टिकट दिया जाएगा।
कांग्रेस की बात करें तो कांग्रेस से विधायक प्रताप ग्रेवाल की दावेदारी लगभग तय है। लेकिन पिछले एक पखवाड़े से विरोधी खेमे के द्वारा कांग्रेस मे उनकी दावेदारी का विरोध तय कर पार्टी द्वारा उनके टिकट काटे जाने की अफवाह जोर शोर से फैलाई जा रही है। सरदारपुर सीट पर कांग्रेस मे वर्तमान मे प्रताप ग्रेवाल से मजबूत कोई चेहरा नही है। अपनी व्यक्तिगत लोकप्रियता के चलते विरोधी दलों के कार्यकर्ताओं मे भी लोकप्रिय हैं।साथ ही पिछले साढे तीन साल मे अपनी सक्रियता के साथ मजबूत विपक्षी नेता की भूमिका का विधायक ग्रेवाल ने बखूबी निर्वाह किया है। जिससे उनकी उम्मीदवारी तय है। वैसे अंतिम निर्णय स्क्रीनिंग कमेटी के द्वारा किया जायेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन