प्रशिक्षण शिविर ही संगठन को मजबूती प्रदान करते हैं- सिंघार : कांग्रेस के दो दिवसीय बुनियादी एवं राजनीतिक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ,संगठन को मजबूत बनाने पर दिया जोर
Bakhtavar Express
Thu, Jul 9, 2026
सरदारपुर।मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी धार द्वारा आयोजित दो दिवसीय बुनियादी एवं राजनीतिक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ आज मोहनखेड़ा में उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। शिविर में जिले के ब्लॉक, नगर एवं मंडलम अध्यक्षों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कांग्रेस सेवादल द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। ध्वजवंदन विधायक प्रताप ग्रेवाल एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में किया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रीय गीत, ध्वज गीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ।

प्रशिक्षण सत्र प्रारंभ होने से पूर्व अतिथियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं जननायक भगवान टंट्या मामा भील के चित्रों पर सूत की माला अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों एवं सामाजिक न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जिला कांग्रेस कमेटी धार की ओर से संगठन महामंत्री परितोष सिंह राठौर ने प्रशिक्षण देने आए सभी वरिष्ठ नेताओं एवं प्रशिक्षण प्राप्त करने आए ब्लॉक, नगर एवं मंडलम अध्यक्षों का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती, अनुशासन और वैचारिक स्पष्टता ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
शिविर के प्रथम दिन विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों एवं वरिष्ठ नेताओं ने विस्तृत प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण शिविर के प्रभारी महेंद्र जोशी ने कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास, वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों तथा संगठनात्मक अनुशासन पर लगभग 45 मिनट का विस्तृत व्याख्यान दिया। प्रदेश प्रवक्ता आनंद जाट ने भारतीय संविधान, उसके मूल्यों एवं कांग्रेस की संवैधानिक प्रतिबद्धता पर प्रभावशाली प्रशिक्षण दिया।
दोपहर के भोजनावकाश के पश्चात प्रदेश सह-प्रभारी प्रोमिल मित्रा ने आजादी के बाद भारत के निर्माण एवं विकास में कांग्रेस के ऐतिहासिक योगदान पर विस्तृत जानकारी दी।
प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले ने संगठन को मजबूत बनाने, अनुशासन, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा भविष्य की संगठनात्मक रणनीति पर मार्गदर्शन दिया। इसके पश्चात प्रतिभागियों के लिए विशेष फीडबैक एवं संवाद सत्र आयोजित किया गया।
शिविर में विशेष अतिथि एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मध्यप्रदेश विधानसभा की कार्यप्रणाली, विपक्ष की भूमिका, विधानसभा की शक्तियों तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
बदनावर विधायक भवर सिंह शेखावत और सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने भी कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और चुनाव जीतने के फार्मुला बताया!
कार्यक्रम में जिला प्रभारी रघु परमार ,प्रदेश सचिव सोहिल निसार, जिला प्रभारी राकेश अहीर , जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष जितेंद्र जोशी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कांग्रेस संगठन को वैचारिक रूप से सशक्त, अनुशासित एवं बूथ स्तर तक सक्रिय बनाना है, ताकि प्रत्येक पदाधिकारी जनता के बीच कांग्रेस की विचारधारा, संविधान की रक्षा तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से लेकर पहुंच सके।
विज्ञापन
विज्ञापन