सरदारपुर : कार में सवार युवक-युवती ने खाया जहरीला पदार्थ, दोनों की मौत, पुलिस जांच में जुटी
Bakhtavar Express
Fri, Jun 5, 2026
राजगढ़। राजगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सनसनीखेज और दुखद घटना सामने आई, जहां भानगढ़ रोड स्थित नरसिंह देवला फाटे के समीप कार में सवार एक युवक और युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे काफी समय से एक कार खड़ी थी। राहगीरों को संदेह होने पर वे पास पहुंचे तो एक युवक सड़क किनारे तड़पता हुआ मिला, जबकि युवती कार के अंदर गंभीर हालत में पड़ी थी। तत्काल डायल 112 को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों को तत्काल सिविल अस्पताल सरदारपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक युवक और युवती दोनों ग्राम लाबरिया धुलिया खेड़ी के निवासी बताए जा रहे हैं। युवक की उम्र लगभग 20 वर्ष और युवती की उम्र करीब 19 वर्ष बताई गई है।
घटनास्थल से पुलिस ने कार, मोबाइल फोन और करीब 29,500 रुपये नकद जब्त किए हैं। वहीं एक बोतल में पानी के साथ संदिग्ध जहरीला पदार्थ भी मिला है, जिसे पीने से आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार लंबे समय से सड़क किनारे खड़ी थी। युवक बाहर तड़प रहा था, जबकि युवती कार के अंदर ही थी। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। साथ ही यह भी जानकारी सामने आई है कि युवती संभवतः पहले से विवाहित थी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना पर पहुंची एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और जहरीले पदार्थ के नमूने जांच के लिए भेजे हैं। पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना देकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सरदारपुर में रखवाया है।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि डायल 112 से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया दोनों द्वारा जहरीले पदार्थ के सेवन की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन