उपसरपंच इलेवन ने जीता बरमंडल प्रीमियर लीग का खिताब : फाइनल मे अचानक इलेवन को 13 रनों से हराया,अचानक इलेवन के कपिल जाट की 54 रनों की पारी नहीं आए काम
Bakhtavar Express
Fri, Jun 13, 2025

बरमंडल। आईपीएल की तर्ज पर पहली बरमंडल प्रीमियर लीग का आयोजन हुआ। लीग का खिताबी मुकाबला गुरुवार की रात्रि मे उपसरपंच इलेवन और अचानक इलेवन के बीच खेला गया। उतार चढाव भरे मैच मे उपसरपंच इलेवन ने अचानक इलेवन को 13 रन से हराकर पहला बरमंडल प्रीमियर लीग का खिताब जीत लिया। आखिरी ओवर मे अचानक इलेवन को जीत के लिए 19 रन चाहिए थे लेकिन टीम 6 रन ही बना सकी और एक विकेट भी गंवा दिये। उपसरपंच इलेवन से आखिरी ओवर करने आये कृष्णा मारू ने 3 डाट गेंदो डालते हुए अचानक इलेवन से जीत छीन ली। मैच के दौरान लग रहा था की अचानक इलेवन आसानी से जीत जायेगा। मैच के दौरान उपसरपंच इलेवन ने कई कैच छोडे वही अचानक इलेवन के कपिल जाट ने 30 गेंदों पर 5 छक्के और 4 चौके की सहायता से 54 रन बनाकर नॉट आउट रहे। उपसरपंच इलेवन के कप्तान समरथ मारू ने पहले ओवर लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर अचानक इलेवन पर दबाव बना दिया था। लेकिन कपिल जाट ने अपने तेज पारी से आखिरी ओवर तक टीम को मैच मे बनाये रखा। उपसरपंच इलेवन की और से समरथ मारू ने 2 ,गोपाल कुमावत और कृष्णा मारू ने 1-1 विकेट लिया।
उपसरपंच इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुये 8 ओवर मे 8 विकेट खोकर 89 रन बनाये। अचानक इलेवन की कसावट भरी गेंदबाजी के चलते एक समय उपसरपंच इलेवन ने 4 ओवर मे 38 रन पर ही 6 विकेट खो दिये थे। लेकिन आखिरी के चार ओवर मे टीम मे निचले क्रम के बल्लेबाज देव मारू ने 9 गेंदों पर 3 छक्के की मदद से 20 रन ,मोहीत मालवीया ने 6 गेंदों पर 1 छक्के और 1 चौके की मदद से 14 रन और दीपक मारू ने 5 गेंदो पर 1 छक्के और एक चौके की मदद से 14 रन बनाकर टीम का स्कोर 89 रन पर पहुंचा दिया।
अचानक इलेवन की और से कपील जाट ने 3 ओवर मे 26 रन देकर तीन विकेट लिये। भरत मुनिया को दो एवं कान्हा मुनिया को एक विकेट मिला।
समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण कार्यक्रम मे अतिथि के तौर पर सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल के प्रतिनिधि के तौर पर उनके पुत्र शिवांग ग्रेवाल,नप सरदारपुर पार्षद प्रतिनिधि परवेज लोधी,भाजपा लाबरिया-राजोद मंडल अध्यक्ष मुकेश शर्मा,कांग्रेस नेता रामेश्वर पाटीदार, पप्पालाल जाट, उमेश शिंदे, गोवर्धन सालेचा, राधेश्याम सालेचा, हरीश सालेचा, ओम प्रकाश हिरवे, राहुल गोयल, घनश्याम सालेचा आदि मंचासीन थे। विजेता उपसरपंच इलेवन को विधायक प्रताप ग्रेवाल की और से 44444 रू एंव ट्राफी प्रदान की गई। वही उपविजेता अचानक इलेवन को 22222 रू व ट्राफी सरेआम सीताराम मित्रमंडल की और से प्रदान की गई । प्रतियोगिता मे मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार कृष्णा मारू को 3333 रू जय श्री श्याम चेतन कंस्ट्रक्शन लाबरिया से दिया गया। बेस्ट बेट्समैन आफ द टूर्नामेंट संदीप जाट 2222 रु. पप्पालाल जाट पडूनीकला की और से, बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट विनोद पाटीदार 2222 रु. सतगुरु ट्रेडिंग बरमण्डल (नितिन सोनी ) मैन आफ द मैच फाइनल कपिल जाट 1111 रु. रंजीत जाट पडूनीकला की और से दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन