45 दिन की LPG रीफिल बुकिंग अवधि घटाकर 25 दिन करने की मांग : ग्रामीण LPG वितरक यूनियन ने कलेक्टर एवं जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
Bakhtavar Express
Mon, Aug 31, 2026
धार। ग्रामीण LPG वितरक यूनियन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं की LPG रीफिल बुकिंग अवधि 45 दिन से घटाकर 25 दिन किए जाने की मांग को लेकर आज श्रीमान कलेक्टर महोदय एवं जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी, जिला धार को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्रामीण वितरकों के उपभोक्ताओं के लिए वर्तमान में LPG रीफिल बुकिंग अवधि 45 दिन निर्धारित है, जबकि आसपास कार्यरत भाकर HP गैस एजेंसी धार, ठाकुर HP गैस एजेंसी धार, HP गैस एजेंसी गंधवानी तथा सरदारपुर भारत गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं की बुकिंग अवधि 25 दिन है। एक ही क्षेत्र में अलग-अलग बुकिंग अवधि होने के कारण उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
ग्रामीण वितरकों ने बताया कि उपभोक्ता अन्य एजेंसियों में 25 दिन में गैस बुक होने की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण वितरकों से भी 25 दिन में बुकिंग की मांग करते हैं। इस कारण आए दिन गैस एजेंसियों के कार्यालयों पर विवाद एवं बहस की स्थिति निर्मित होती है, जबकि वितरक कंपनी द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार ही कार्य कर रहे हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि जनहित एवं उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण वितरकों की LPG रीफिल बुकिंग अवधि 45 दिन से घटाकर 25 दिन करने हेतु BPCL के सक्षम अधिकारियों को आवश्यक पत्राचार एवं अनुशंसा की जाए, ताकि सभी उपभोक्ताओं के लिए समान व्यवस्था लागू हो सके और भ्रम एवं विवाद की स्थिति समाप्त हो।
ज्ञापन देते समय श्री जय अम्बे भारत गैस एजेंसी डही के संचालक डॉ. दुर्गेश वर्मा, रामरतन भारत गैस एजेंसी जाबड़ा-बदनावर के संचालक तथा घटाबिल्लौद भारत गैस एजेंसी के संचालक सुनील सहित अन्य ग्रामीण LPG वितरक उपस्थित रहे। ज्ञापन का वाचन ग्रामीण वितरक यूनियन के धार जिला अध्यक्ष भारतसिंह गामड़ द्वारा किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन