स्वस्थ विद्यार्थी-समृद्ध राष्ट्र : स्वस्थ जीवन शैली के लिए सकारात्मक सोच रखें -SDM प्रियंका मिमरोट
Bakhtavar Express
Fri, Jul 31, 2026
नागदा (धार)। युवा देश का भविष्य है, युवा पढ़ेगा तो देश आगे बढ़ेगा। शिक्षा के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली के लिए सकारात्मक सोच रखे। हम अपने लिए कुछ अच्छा करें, यह सोच परिवार को भी अच्छा करने के लिए प्रेरित करेगी। स्वस्थ शरीर के लिए चिकित्सको द्वारा बताई बातों को नित्य जीवन में लाए। ऐसे आयोजन सकारात्मक प्रेरणा प्रदान करते है। उक्त बातें किराना व्यापारी संघ द्वारा सांदीपनि शाउमावि नागदा पर आयोजित स्वस्थ विद्यार्थी-समृद्ध राष्ट्र कार्यक्रम अंतर्गत मुख्य अतिथि एसडीएम बदनावर प्रियंका मिमरोट ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए कही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसडीएम बदनावर प्रियंका मिमरोट, अध्यक्षता संघ अध्यक्ष राजेन्द्र बोकड़िया, विशेष अतिथि संस्था प्राचार्य धर्मेन्द्र जाट के साथ ही चीफ ब्लाॅक मेडिकल आॅफिसर बदनावर डाॅ. एसएल मुजाल्दा, डाॅ. आरके चतुर्वेदी, डाॅ. राजेश जोगी, डाॅ. दिव्या सिंह स्वास्थ्य संबंधित जानकारी के लिए उपस्थित थे। अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण किया। वहीं संस्था छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरूआत की। अतिथियों का स्वागत संघ के अशोक सोलंकी, राजमल राठौड़, हाजी मुफज्जल हुसैन बोहरा, सोहन चावड़ा, पुखराज जैन, अंकित खिमेसरा, रतन कुमावत ने पुष्प माला पहनाकर किया।
मुख्य अतिथि प्रियंका मिमरोट ने विद्यार्थियों से कहा कि नित्य अपने जीवन में सकारात्मक सोच रखे। बाहरी वस्तुओ के खान-पान से बचे। इनका स्वाद कुछ समय के लिए अच्छा हो सकता है, लेकिन शरीर पर इनका प्रभाव विपरीत होता है। छोटी-छोटी बातों से जीवन में आत्मविश्वास का संचार करे, स्वयं पर हमेशा विश्वास करें। सही समय का चयन कर अच्छा करने का प्रयास किया जाये तो सही मंजिल तक पहुँच सकते है। आपकी आजकी मेहनत संपूर्ण जीवन के लिए सहजता देगी। नशे के सेवन से बचाव को लेकर विद्यार्थियों पर सबसे अधिक जोर दिया। वहीं मोबाईल के उपयोग से बचने की बात भी कही। एसडीएम द्वारा छात्र-छात्राओं से अनेक विषयों पर प्रश्न कर उनको मार्गदर्शन प्रदान किया।
स्वागत उद्बोधन देते हुए राजेन्द्र बोकड़िया ने कहा कि निरोगी काया के लिए हम किन सावधानियों को रख सतर्क रहे, उसको ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को दिशा प्रदान करने के लिए संघ द्वारा यह पहल की गई।

विद्यार्थियों को स्वास्थ्य की दी जानकारी
डाॅ. एस ऐल मुजाल्दा ने कहा कि जीवनशैली में सुधार लाए, संयमित जीवन जीये। शुद्ध खाद्य वस्तुओ का सेवन करें। आपकी छोटी-छोटी ध्यान में रखी गई बातें आपके लिए बहुपयोगी है। वहीं विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को लेकर अनेक बातें साझा की। साथ ही विद्यार्थियों की आँखों की जाँच सहित अन्य बीमारियों को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर लगाने की बात कही। डाॅ. आरके चतुर्वेदी ने बताया कि छात्र-छात्राएँ आहार, विहार, विचार व आचार जीवन में लाए। स्वस्थ शरीर के लिए यह महत्वपूर्ण हो सकते है। डाॅ. राजेश जोगी ने बीमारियों से बचाव के उपाय के साथ ही सुबह व्यायाम , सूर्य उदय से पहले उठना , ध्यान, अनेक गंभीर विषयों को लेकर विद्यार्थियों को सावधानियां बरतने की बात कही व अच्छे स्वास्थ्य के लिए जल्दी जागकर अच्छी प्राणवायु को अमृत बताया। दंत चिकित्सक डाॅ. दिव्या सिंह ने बताया कि शरीर का प्रत्येक अंग कीमती है, जिसमें आपके दांत इसमें सबसे महत्वपूर्ण है। आपकी छोटी सी गलती बड़ी परेशानियाँ ला सकती है। इसलिए प्रतिदिन दांतों की सफाई व जीवन में खान-पान पर विशेष ध्यान दे। बिना चिकित्सकों की सलाह के कोई दवाईयों का सेवन ना करें। संस्था प्राचार्य धर्मेन्द्र जाट ने भी अपने विचार रखे।
किराना व्यापारी संघ द्वारा अतिथि एवं चिकित्सकों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया। वहीं चिकित्सक एसोसिएशन द्वारा एसडीएम मिमरोट एवं सीबीएमओ डाॅ. मुजाल्दा का शाल, श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन अनवर मंसुरी ने किया व आभार संघ के राजमल राठौड़ ने माना। कार्यक्रम में डाॅ. प्रशांत चावड़ा, डाॅ. मनोज मुजाल्दा, डाॅ. बीएस गेहलोत, नितिन साँखला, अनोखीलाल राठौड़, उपप्राचार्य सरिता शर्मा, मुकेश मकवाना, निलेश गोयल सहित चिकित्सक, व्यापारीगण, शिक्षक-शिक्षिकाएँ व अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन