जिप अध्यक्ष ने दिव्यांग विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री बांटी : शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य का आधार - मेडा
Bakhtavar Express
Mon, Aug 3, 2026
सरदारपुर । जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा द्वारा दिव्यांग बालक छात्रावास, बरमखेड़ी के मूक-बधिर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई स्कूल बैग, कॉपी, पेन एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों से संवाद करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। समाज के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समान अवसर और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चे अद्भुत प्रतिभा और असीम संभावनाओं से परिपूर्ण होते हैं। यदि उन्हें उचित मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सहयोग मिले तो वे अपने जीवन में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य का आधार है। विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ भी व्यक्त की गईं।
जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा ने कहा कि समाज के कमजोर एवं विशेष आवश्यकता वाले वर्गों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा का भाव प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह ही समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। जिला पंचायत जनकल्याण, शिक्षा एवं सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी प्रयास जारी रहेंगे।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता धर्मेन्द्र मंडलोई , जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुनील गामड़ , भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश जनजातीय संपर्क प्रभारी रेवसिंह भाभर , भाजपा मंडल महामंत्री देवीलाल श्रीकार , भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता राधेश्याम , ग्राम सरपंच राजाराम भयड़िया, पूर्व सरपंच कैलाश मेड़ा , भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, छात्रावास अधीक्षक एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर और सफल जीवन की ओर अग्रसर होने का संदेश दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन