धार जिले में हुए रेल सेवा की शुरुआत : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया टांडा रोड से वडोदरा तक पहली मेमू ट्रेन का शुभारंभ
Bakhtavar Express
Tue, Sep 8, 2026
सावित्री ठाकुर के प्रयासों से धार लोकसभा क्षेत्र में रेल क्रांति का नया अध्याय,हजारों की संख्या में पहुंचे क्षेत्रीय आदिवासी ग्रामीणजन

धार । लोकसभा क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। क्षेत्र की लोकप्रिय सांसद एवं महिला - बाल विकास राज्यमंत्री भारत सरकार के निरंतर प्रयासों से आज आजादी के बाद पहली बार धार लोकसभा क्षेत्र में रेल परिचालन आरम्भ हुआ है। इसके अंतर्गत गंधवानी क्षेत्र के टांडा रोड रेलवे स्टेशन से वडोदरा (प्रतापनगर) के लिए मेमू ट्रेन सेवा का शुभारंभ हुआ है। यह केवल रेल सेवा का आरंभ नहीं, बल्कि आदिवासी अंचल के विकास, आकांक्षाओं और वर्षों पुराने सपने के साकार होने का ऐतिहासिक अवसर है।
धार लोकसभा क्षेत्र को लंबे समय तक रेल कनेक्टिविटी से वंचित रखा गया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने इस दिशा में अभूतपूर्व पहल की है। प्रधानमंत्री के प्रयासों, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मार्गदर्शन तथा धार लोकसभा क्षेत्र की लोकप्रिय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर के निरंतर प्रयासों से आज टांडा रोड तक रेल पहुंचने का सपना वास्तविकता में बदल गया है।
विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करते हुए
टांडा रोड–वडोदरा नई रेल सेवा से गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इससे वडोदरा, छोटा उदयपुर और अलीराजपुर सहित आसपास के क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।
विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर अवसर, व्यापारियों को नए बाजार, किसानों को परिवहन की सुविधा, युवाओं को रोजगार के नए अवसर तथा क्षेत्र में पर्यटन को नई गति मिलेगी। आवागमन सुगम होने से आदिवासी अंचल में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और विकास की नई संभावनाएं जन्म लेंगी।
आज के इस ऐतिहासिक अवसर पर जोबट–टांडा रोड नई रेल लाइन के उद्घाटन, वडोदरा–रतलाम तीसरी एवं चौथी रेल लाइन, मियागाम–करजन–चोरंदा–मालसर गेज परिवर्तन तथा विश्वामित्री–डभोई दोहरीकरण जैसी महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं के शिलान्यास से पश्चिमी भारत की रेल अधोसंरचना को भी नई मजबूती मिली है। साथ ही 30700 करोड़ की लागत से निर्मित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किए जाने तथा टांडा रोड–वडोदरा ट्रेन सेवा और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर चार नई फ्रेट ट्रेनों के शुभारंभ से क्षेत्र की कनेक्टिविटी एवं व्यापारिक क्षमता और मजबूत होगी।
श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी अंचल में विकास की नई गंगा बह रही है। रेल केवल पटरियों और ट्रेनों का विस्तार नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, रोजगार, व्यापार, पर्यटन और समृद्धि के नए द्वार खोलने का माध्यम है।
उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भी विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आज टांडा रोड से चली पहली मेमू ट्रेन धार लोकसभा क्षेत्र के विकास की नई यात्रा का शुभारंभ है—यह रेल सेवा विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध आदिवासी अंचल की नई पहचान बनेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान , धार विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा , जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार मेडा , जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन